Jamshedpur: आगामी होली और ईद-उल-फितर के मद्देनजर जिला प्रशासन ने शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। यह बैठक सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में आयोजित की गई, जिसमें जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय मौजूद रहे।
बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों ने अपने-अपने इलाकों से जुड़ी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। अधिकारियों ने जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, पेयजल और बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई तथा यातायात प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया गया कि प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विधि-व्यवस्था पर विशेष ध्यान
उपायुक्त ने कहा कि होली और ईद-उल-फितर दोनों ही पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों को शांति और आपसी सम्मान के साथ मनाएं। युवाओं से खास तौर पर नशे से दूर रहने, तेज गति से वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था
वरीय पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही गश्ती दल सक्रिय रहेंगे और त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) भी तैयार रहेगी, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
बैठक में जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएम, एडीएम, बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से मिल-जुलकर शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने में सहयोग की अपील की।