Ranchi News: रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र में 19 फरवरी को मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. यह मामला किसी अचानक हुए झगड़े का नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहे प्रेम संबंध और उससे उपजी जलन का परिणाम निकला. पुलिस ने पति-पत्नी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
सुबह मिला था शव
19 फरवरी की सुबह करीब 6:45 बजे आनंद विहार स्थित केपी स्कूल के पास एक युवक का शव पड़ा मिला था. शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. जांच के बाद मृतक की पहचान कांटाटोली के रजा कॉलोनी निवासी आसिफ अंसारी (पिता मो. इरफान अली) के रूप में हुई. मामले में खेलगांव थाना कांड संख्या 09/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई.
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि आसिफ अंसारी का आनंद विहार निवासी बिउला टोप्पो के साथ पिछले 15-16 वर्षों से संबंध था. इस संबंध की जानकारी बिउला के पति जोन्सन मिंज को थी. वह इस रिश्ते से बेहद नाराज और मानसिक रूप से परेशान था. इसी कारण उसने बदला लेने की ठान ली.
8 लाख रुपये में तय हुई सुपारी
पुलिस के अनुसार, जोन्सन मिंज ने अपने दोस्त दीपक अग्रवाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. आसिफ को रास्ते से हटाने के लिए करीब 8 लाख रुपये में सौदा तय किया गया.
• प्रिंस कुमार को 1 लाख 60 हजार रुपये दिए गए.
• प्रेम लकड़ा को 2 लाख 40 हजार रुपये मिले.
• दीपक अग्रवाल को करीब 4 लाख रुपये दिए गए.
इन सभी ने मिलकर योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया.
पांच आरोपी गिरफ्तार
मामले का खुलासा एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने किया. पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता जोन्सन मिंज, उसकी पत्नी बिउला टोप्पो, दीपक अग्रवाल, प्रिंस कुमार और प्रेम लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस का कहना है कि यह हत्या वर्षों से चले आ रहे प्रेम संबंध और उससे उपजी ईर्ष्या का नतीजा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.