Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-23

Godda Accident: गोड्डा में तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर 40 फीट नीचे MGR ट्रैक पर गिरा, दो लोग गंभीर

Godda: गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में सोमवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। तेलगामा के पास महागामा-ललमटिया मार्ग से गुजर रहा एक तेज रफ्तार हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे जा गिरा। नीचे एनटीपीसी की डाउनलाइन एमजीआर (मटेरियल गेट रेलवे) ट्रैक थी, जहां उस समय कोयला ढुलाई के लिए एक रैक भी खड़ी थी।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए रेल परिचालन बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चालक-उपचालक की हालत गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाइवा अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक लालू कुमार वाहन से उछलकर ट्रेन की एक बोगी के नीचे जा फंसे। वहीं उपचालक मनीष कुमार ट्रक के केबिन में ही दब गए।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और NTPC रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। चालक को बोगी के नीचे से निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया।

उपचालक को निकालना चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि वह केबिन में बुरी तरह फंसे हुए थे। इसके बाद NTPC की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम प्रमुख शुभाशीष बनर्जी के नेतृत्व में पहुंचे दल ने लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर उपचालक को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

रेल यातायात कुछ देर रहा प्रभावित
हादसे के कारण एमजीआर ट्रैक पर कोयला ढुलाई कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। बाद में स्थिति सामान्य होने पर रेल परिचालन बहाल कर दिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !