Hazaribagh: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत महुदी मोड़ पर बीती रात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया। हथियारबंद अपराधियों ने अंजली ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। डकैतों ने इस वारदात को इतनी पेशेवर तरीके से अंजाम दिया कि दुकान की मजबूत तिजोरी को ग्राइंडर मशीन से काट डाला।
हथियारों से लैस थे 6 अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, डकैतों की संख्या 6 बताई जा रही है। सभी अपराधी आधुनिक हथियारों से लैस थे। चोरी की वारदात को अंजाम देकर भागने के दौरान अपराधियों ने क्रूरता भी दिखाई। बताया जा रहा है कि पास की ही एक महिला, जो किसी काम से जगी हुई थी, उसने डकैतों को देख लिया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने महिला की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए।
ग्राइंडर मशीन का किया इस्तेमाल
अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने दुकान का शटर तोड़ने के बाद अंदर रखी भारी-भरकम तिजोरी को काटने के लिए इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन का उपयोग किया। यह दर्शाता है कि अपराधियों ने पहले दुकान की रेकी की थी और वे जानते थे कि कीमती सामान कहाँ रखा है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के भागने के रास्ते का सुराग मिल सके।
दहशत का माहौल
महुदी मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस डकैती से स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और वे सलाखों के पीछे होंगे।