Simdega News: होली पर्व को देखते हुए सिमडेगा जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में टाउन थाना पुलिस ने छापेमारी कर 28 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की और दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिमडेगा को गुप्त सूचना मिली थी कि सायपुर इलाके में एक महिला के घर में भारी मात्रा में महुआ शराब जमा की गई है. योजना थी कि होली के दौरान इस शराब को बाजार में बेचकर मुनाफा कमाया जाए. सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर टाउन थाना प्रभारी रोहित कुमार रजक के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई.
महिला पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ा
जब पुलिस टीम सायपुर में छापेमारी के लिए जा रही थी, तभी सिमडेगा कॉलेज के पीछे पुलिस वाहन को देखकर शोभा देवी नाम की महिला हाथ में झोला लेकर भागने लगी. शक होने पर महिला पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके झोले से दो बोतलों में करीब 2 लीटर अवैध शराब बरामद हुई.
शोभा देवी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर सायपुर निवासी पुतली देवी के घर छापेमारी की गई. वहां पुलिस ने एक पलंग के नीचे और अलमारी के अंदर छिपाकर रखी गई बोतलों से 26 लीटर महुआ शराब बरामद की.
पुलिस ने दोनों महिलाओं को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली तक अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.