सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान डीजे पर भोजपुरी के फूहड़ और अश्लील गाने बजाए गए। हद तो तब हो गई जब अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले शिक्षक ही अपनी मर्यादा भूल गए और छात्राओं के साथ आपत्तिजनक गानों पर ठुमके लगाने लगे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया।
शिक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई
वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इसे बेहद गंभीरता से लिया। मामले की त्वरित जांच कराई गई, जिसमें घटना की पुष्टि हुई। शिक्षा विभाग ने इसे घोर अनुशासनहीनता और अनैतिक कृत्य माना है।
शिक्षकों पर कार्रवाई, दोषी पाए गए संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शिक्षा विभाग का स्पष्ट कहना है कि विद्यालय परिसर के भीतर इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। यह न केवल बच्चों के भविष्य पर बुरा असर डालती हैं, बल्कि समाज में शिक्षा व्यवस्था की छवि भी धूमिल करती हैं।
सभी स्कूलों के लिए कड़ा निर्देश
इस घटना से सबक लेते हुए जिला शिक्षा विभाग ने जिले के सभी स्कूलों को कड़ा दिशा-निर्देश जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में स्कूल परिसर में होने वाले किसी भी कार्यक्रम में अनुशासन और शालीनता का पूर्ण पालन अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार के फूहड़ या अश्लील संगीत पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन होने पर प्रधानाध्यापक और संबंधित शिक्षकों पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।