Jamshedpur News: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत गांधीनगर निवासी 24 वर्षीय विशाल कुमार सिंह बीते 17 फरवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है. बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने और परिजनों की बात अनसुनी करने की शिकायत के बाद सिटी एसपी कुमार शिवशीष ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने बागबेड़ा थाना प्रभारी की निष्क्रियता पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए डीएसपी को अपने स्तर से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करने का आदेश दिया है.
17 फरवरी से लापता है विशाल
परिजनों द्वारा पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, विशाल कुमार सिंह 17 फरवरी से लापता है. उसकी मां सुकू देवी ने बताया कि वह लोगों के घरों में काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं. उनका बेटा अंतिम बार बागबेड़ा गांधीनगर स्थित शीतला मंदिर के पास देखा गया था. परिजनों का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज में विशाल को इलाके के ही एक युवक गौतम, उसके भाई और भाभी के साथ देखा गया था, जिसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला है.
18 दिनों से थाने के चक्कर लगा रहे हैं परिजन
पीड़ित परिवार का कहना है कि वे पिछले 18 दिनों से थाने के चक्कर लगाकर थक चुके हैं, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. मां ने अपने बेटे के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए न्याय की गुहार लगाई है. सिटी एसपी के हस्तक्षेप के बाद अब पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि आखिर थाना स्तर पर कार्रवाई में देरी क्यों हुई. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों के कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर विशाल की तलाश में जुट गई है.
लापता विशाल का हुलिया और परिजनों का संपर्क सूत्र
लापता विशाल कुमार सिंह का रंग सांवला है और अंतिम बार उन्हें ब्लैक टी-शर्ट तथा सफेद पैंट पहने हुए देखा गया था. विशाल के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर उनके परिवार से मोबाइल नंबर 8292048800, 7209428122 या 9113156864 पर संपर्क करने की अपील की गई है, साथ ही सूचना देने वाले को उचित इनाम देने की घोषणा भी की गई है.