Jamshedpur: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई सनसनीखेज कॉइल चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे शातिर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो ट्रांसफॉर्मर में आग लगाकर उसके भीतर मौजूद कीमती कॉइल की चोरी किया करते थे।
बर्मामाइंस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई
इस संबंध में वादी अजित कुमार त्रिपाठी 55 वर्ष, पिता स्वर्गीय रामगति तिवारी, निवासी 10-एल1/4 डोरी रोड, साकची, थाना साकची, जिला पूर्वी सिंहभूम, जो वर्तमान में टाटा स्टील यूआईएसएल में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने बर्मामाइंस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन
दर्ज शिकायत में बताया गया कि 10 से 12 की संख्या में अज्ञात अपराधियों ने ट्रांसफॉर्मर में आग लगाकर उसके अंदर लगे कॉइल की चोरी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना संकलन और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कांड में शामिल तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया ट्रांसफॉर्मर का कॉइल करीब 70 किलोग्राम बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।