Police Games 2026: झारखंड पुलिस के जवानों और अधिकारियों में खेलकूद के प्रति उत्साह और टीम भावना जागृत करने के उद्देश्य से 17वीं राज्य स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को आगाज हुआ. रांची के डोरंडा स्थित जैप 1 परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान डीजीपी तदाशा मिश्र ने इस प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया. इस अवसर पर विभाग के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. यह खेल उत्सव 17 मार्च से 19 मार्च तक चलेगा.
मैदान में उतरेंगी पुलिस की विशेष इकाइयां
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में झारखंड पुलिस की विभिन्न प्रतिष्ठित इकाइयां अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी. इसमें झारखंड सीआईडी, एटीएस, एसीबी और झारखंड जगुआर जैसी विशेष टीमों के साथ-साथ आईटीएस, संचार एवं तकनीकी सेवाएं, रेल जमशेदपुर और रेल धनबाद की टीमें भी शामिल हो रही हैं. इसके अलावा प्रशिक्षण केंद्रों से पीटीसी पदमा, जेपीए हजारीबाग और जेब्ल्यूएफएस नेतरहाट के खिलाड़ी भी अपना दमखम दिखाएंगे.
इन प्रमुख केंद्रों पर होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए रांची के विभिन्न खेल परिसरों को चुना गया है. मुख्य मुकाबले मोहराबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम और उसके हॉल में आयोजित किए जाएंगे. इसके साथ ही डोरंडा स्थित जैप 1 परिसर, टाटीसिलवे स्थित जैप 2 परिसर और होटवार स्थित जैप 10 परिसर में अलग-अलग खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी. पुलिस प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पुख्ता तैयारियां की हैं.