Gamharia Crime News: गम्हरिया थाना पुलिस ने अंजनेय इस्पात लिमिटेड कंपनी के स्टोर रूम में हुई चोरी के मामले को सुलझाते हुए 6 आरोपियों को धर दबोचा है. पुलिस ने न केवल घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार किया है, बल्कि उनके पास से चोरी किया गया कीमती सामान और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों में बजरंग कुमार महतो, लखन महतो, विशाल लोहार, आकाश गोराई, गौतम कुमार और आसिफ अली शामिल हैं.
कंपनी के स्टोर रूम को बनाया था निशाना
चोरी की यह वारदात बीते 12 मार्च को हुई थी, जब शातिर अपराधियों ने कंपनी के स्टोर रूम में सेंधमारी की थी. यहां से तांबे के दो बाल्टीनुमा ट्यूयर और पीतल के चार ब्रास बुश गायब पाए गए थे. कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर छापेमारी शुरू की, जिसके बाद सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए.
लाखों का सामान और वाहन जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है. इसमें 48 किलोग्राम वजन के दो कॉपर ट्यूयर और 66 किलोग्राम वजन के चार ब्रास बुश शामिल हैं. इसके साथ ही पुलिस ने चोरी का सामान ढोने के लिए इस्तेमाल किए गए छोटा हाथी वाहन को भी जब्त किया है. पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.