Latehar: गुरुवार को शहर के बाइपास चौक स्थित साक्षी गैस सर्विस (भारत गैस) एजेंसी के कार्यालय पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यह कदम उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश के बाद उठाया गया। बताया जा रहा है कि जिले में रसोई गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है।
जानकारी नहीं देने पर गिरी गाज
जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम ने बताया कि हाल ही में सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान संबंधित एजेंसी से उपभोक्ताओं का अद्यतन विवरण, उज्ज्वला योजना से जुड़े लाभुकों की सूची और अन्य आवश्यक जानकारी मांगी गई थी।
हालांकि, निर्धारित समय के भीतर एजेंसी द्वारा कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्यालय को सील करने की कार्रवाई की।
कालाबाजारी पर सख्त नजर
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके तहत अब व्यावसायिक गैस कनेक्शनों की भी जांच की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग की शिकायतें मिली हैं, जिसकी जांच जल्द शुरू की जाएगी।
जांच अभियान होगा तेज
जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में गैस एजेंसियों और उपभोक्ताओं से जुड़े मामलों में व्यापक जांच अभियान चलाया जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों को बिना किसी परेशानी के गैस उपलब्ध हो सके।