Jharkhand News: आगामी त्योहारों ईद, सरहुल और रामनवमी को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए झारखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है. इसी को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आवासीय कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की.
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता यह है कि सभी लोग आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ त्योहार मना सकें. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, एडीजी अभियान, आईजी स्पेशल ब्रांच, जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी समेत सभी जिलों के डीसी और एसपी भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से अपने-अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा.
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन इलाकों को संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाए. इन क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाने के भी आदेश दिए गए हैं.
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी.
सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है. अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के लिए सोशल मीडिया सेल को अलर्ट मोड में रखा गया है.
शांति समितियों के साथ होगी बैठक
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को यह भी निर्देश दिया कि स्थानीय शांति समितियों और समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की जाए, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें.
सरकार का कहना है कि प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है और राज्य में किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.