Palamu News: रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार पंचायत के उड़रीटांड़ गांव में गुरुवार को रसोई गैस सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि कुछ अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं. गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है.
धमाके के साथ सिलेंडर फटा
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार को करीब 11 बजे कृष्णा चंद्रवंशी के घर में हुई. उस समय घर में उनका 15 वर्षीय पोता वृजभान कुमार (पिता संजय चंद्रवंशी) मौजूद था और वह गैस सिलेंडर पर खाना बना रहा था. इसी दौरान सिलेंडर में अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया.
धमाका इतना जोरदार था कि रसोईघर की करीब 10 इंच मोटी दीवार में छेद हो गया. वहीं सीढ़ी के ऊपर लगी एलबेस्टर की छत भी उड़कर क्षतिग्रस्त हो गई. विस्फोट से मकान के कुछ हिस्से को भी नुकसान पहुंचा.
सिलिंडर एचपी कंपनी का था
बताया जा रहा है कि जिस सिलेंडर में विस्फोट हुआ, वह एचपी कंपनी का था और उसे करीब एक सप्ताह पहले ही भरवाया गया था. घटना के समय घर के मालिक कृष्णा चंद्रवंशी अपनी बीमार पत्नी का इलाज कराने मेदिनीनगर गए हुए थे.
घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है. हालांकि इस हादसे में बड़ा नुकसान होने से बच गया, लेकिन अचानक हुए धमाके से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.