Jamshedpur: जमशेदपुर के परसुडीह-मकदमपुर रेलवे फाटक पर लंबे समय से लगने वाले भीषण जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज यानी आरओबी के निर्माण को लेकर रेलवे और राज्य सरकार की संयुक्त तकनीकी टीम ने स्थल निरीक्षण करते हुए विस्तृत तकनीकी मापी शुरू की। इस परियोजना को आगे बढ़ाने में स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो की भूमिका अहम मानी जा रही है, जो क्षेत्र में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए लंबे समय से इस ओवरब्रिज की मांग कर रहे थे।
गोलपहाड़ी काली मंदिर से फाइव स्टार काली पूजा कमेटी तक प्रस्तावित है योजना
प्रस्तावित योजना के अनुसार यह रेल ओवरब्रिज गोलपहाड़ी काली मंदिर से शुरू होकर परसुडीह मुख्य मार्ग स्थित फाइव स्टार काली पूजा कमेटी तक बनाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान तकनीकी टीम परियोजना का नक्शा भी साथ लेकर पहुंची थी। निर्धारित अलाइनमेंट के आधार पर जमीन की मापी की गई और निर्माण के लिए उपयुक्त मार्ग का आकलन किया गया। साथ ही सड़क की चौड़ाई, मौजूदा ट्रैफिक फ्लो और आसपास मौजूद संरचनाओं का भी बारीकी से अध्ययन किया गया।
प्रभावित संपत्तियों का तैयार हो रहा ब्योरा
मापी के दौरान अधिकारियों ने यह भी देखा कि निर्माण कार्य की जद में आने वाले रैयतदारों के घर, दुकानें या अन्य संपत्तियां कौन-कौन सी हो सकती हैं। प्रभावित लोगों की सूची तैयार करने के साथ संभावित मुआवजे को लेकर प्रारंभिक जानकारी भी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक इसी आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। रिपोर्ट को मंजूरी मिलने के बाद भू-अर्जन और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
स्थानीय लोगों में जगी नई उम्मीद
क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि रेल ओवरब्रिज बनने के बाद वर्षों से चली आ रही जाम की गंभीर समस्या से राहत मिलेगी। खासकर रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लगने वाली लंबी वाहनों की कतार से छुटकारा मिल सकेगा और रोजमर्रा का आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम हो जाएगा।