Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-09

Jamshedpur News: जुगसलाई में प्रतिबंधित कफ सिरप मामले में ट्रांसपोर्ट संचालक शशिकांत मिश्रा गिरफ्तार

Jamshedpur: जुगसलाई थाना क्षेत्र के नया बाजार बोरापट्टी स्थित बोलबम ट्रांसपोर्ट एजेंसी में पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट संचालक शशिकांत मिश्रा (59) को गिरफ्तार कर लिया है। बागबेड़ा गणेश नगर पहलवान कॉम्प्लेक्स निवासी शशिकांत मिश्रा को पूछताछ के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस ट्रांसपोर्ट एजेंसी के माध्यम से शहर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप पहुंचाई जा रही है। इसके बाद 7 अप्रैल को जुगसलाई थाना पुलिस ने बोलबम ट्रांसपोर्ट के कार्यालय और गोदाम में छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

20 पेटी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप “ऑनरेक्स” बरामद किया। कुल 20 पेटी कफ सिरप जब्त की गई है, जिसकी कीमत 9 लाख 66 हजार 394 रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार जब एजेंसी संचालक और वहां मौजूद लोगों से इस खेप से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका। दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने पूरी खेप को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई कार्रवाई की जानकारी
जुगसलाई थाना प्रभारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रांची से आई थी खेप, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की यह खेप रांची से भेजी गई थी और इसे जमशेदपुर के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई किए जाने की तैयारी थी। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसका मुख्य सरगना कौन है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !