Jharkhand News : पाटमदा प्रखंड के उड़िया पंचायत अंतर्गत गेरूयाला बड़डीह गांव में समाजसेवी स्वर्गीय सुधीर महतो की स्मृति में स्थापित प्रतिमा का भव्य उद्घाटन किया गया।
ग्रामीणों ने याद किए सुधीर महतो के योगदान और संघर्ष
कार्यक्रम में स्वर्गीय सुधीर महतो के भाई पुटु लाल महतो, जिला परिषद सदस्य खगन चंद महतो और मनसा राम पावरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय सुधीर महतो का गांव के विकास में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने अपने प्रयास से गांव में सड़क निर्माण की शुरुआत कर आवागमन को आसान बनाया था। वे लगातार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनते और उनके समाधान के लिए तत्पर रहते थे।
ग्रामीणों ने बताया कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ही उनका जीवन उद्देश्य था। उनका सरल स्वभाव और समाज के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्य अतिथि अभय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय सुधीर महतो का समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी स्मृति में स्थापित यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
कार्यक्रम का माहौल भावुक और सम्मानपूर्ण रहा। अंत में उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।