News 26 Impact: आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय के पास वर्षों से जारी अनियंत्रित कचरा डंपिंग को प्रशासन ने पूरी तरह बंद कर दिया है. न्यूज़ 26 झारखंड द्वारा इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के महज 48 घंटे के भीतर सरायकेला डीसी और नगर आयुक्त ने डंपिंग साइट को आबादी से दूर शिफ्ट करने का कड़ा आदेश जारी किया. इस बड़ी सफलता के बाद समाजसेवी रंजीत शांडिल्य और वार्ड 23 के निवासियों ने न्यूज़ 26 झारखंड के पत्रकार अंशुमान शाह, रिया सिंह और स्थानीय पत्रकार सुमित सिंह को आभार जताते हुए सम्मानित किया.
जनसरोकार की पत्रकारिता को जनता का सलाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यूज़ 26 झारखंड की टीम ने उनकी वर्षों पुरानी उस समस्या को आवाज दी, जिसे प्रशासन बार-बार नजरअंदाज कर रहा था. डंपिंग ग्राउंड हटने से अब इलाके के हजारों लोगों को बीमारियों, बदबू और जहरीले धुएं से छुटकारा मिल गया है. सम्मान समारोह के दौरान रंजीत शांडिल्य ने कहा कि अंशुमान शाह, रिया सिंह और सुमित सिंह जैसे सजग पत्रकारों की वजह से ही आज वार्ड 23 के बच्चों को स्वच्छ वातावरण मिल सका है. यह सम्मान केवल पत्रकारों का नहीं, बल्कि सच्ची और निष्पक्ष पत्रकारिता की जीत है.
स्वच्छता की ओर बढ़ा वार्ड 23 का कदम
डंपिंग साइट को पूरी तरह साफ कर अब वहां ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया है ताकि संक्रमण का खतरा न रहे. स्थानीय महिलाओं और बुजुर्गों ने भी न्यूज़ टीम को दुआएं दी हैं और कहा है कि वे अपने घरों की खिड़कियां सुकून से खोल पा रहे हैं. निवासियों ने एक सुर में कहा कि जब मीडिया जनता की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी मान लेता है, तो शासन और प्रशासन को झुकना ही पड़ता है.