Seraikela News: आदित्यपुर नगर निगम को प्रदूषण मुक्त और सुंदर बनाने के लिए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई. समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (URMP) के निर्माण को लेकर चर्चा की गई. योजना का मुख्य फोकस खरकई नदी को पुनर्जीवित करना और शहर के ड्रेनेज सिस्टम को सुधारना है. इसके तहत नदी से जुड़े तालाबों, नालों और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का जीर्णोद्धार कर प्रदूषण पर लगाम लगाने की तैयारी है.
उपायुक्त ने आदित्यपुर क्षेत्र में जलजमाव की गंभीर समस्या पर चिंता जताते हुए ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए. मास्टर प्लान में तालाबों के सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास, जलापूर्ति पाइपलाइन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया है. अधिकारियों को स्पष्ट कहा गया है कि वे छोटे-बड़े नालों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करें ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके और शहरवासियों को गंदगी व जलजमाव से राहत मिले.
इस योजना के जरिए न केवल पर्यावरण का संरक्षण होगा, बल्कि नदी तटों को आकर्षक पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित कर रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए जाएंगे. उपायुक्त ने कहा कि शहरी जल निकायों का सौंदर्यीकरण होने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार के रूप में मिलेगा. वन क्षेत्र के संरक्षण और भू-जल स्तर को सुधारने के लिए भी विभाग को विशेष रणनीति बनाने को कहा गया है.
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय के भीतर जरूरी डेटा, मैप और तकनीकी जानकारी संबंधित एजेंसी को सौंपने का निर्देश दिया. उन्होंने जोर दिया कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय के बिना मास्टर प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन संभव नहीं है. सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन सक्रियता से करने को कहा गया है ताकि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र को एक आदर्श और विकसित शहरी क्षेत्र के रूप में स्थापित किया जा सके.