Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-23

Jamshedpur News: मानगो में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बवाल, स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति

Jamshedpur: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जेसु भवन के पास बुधवार शाम ट्रैफिक चेकिंग के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह विरोध बढ़कर हंगामे में बदल गया और मौके पर मौजूद एएसआई अरविंद को भीड़ ने घेर लिया, जिससे स्थिति काफी देर तक असामान्य बनी रही।

स्थानीय लोगों ने लगाए परेशान करने के आरोप
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस सोसाइटी के ठीक बाहर वाहन जांच कर रही थी, जिससे वहां रहने वाले लोगों और आम राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार ट्रैफिक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बिना वजह आम लोगों को रोका-टोका जा रहा है। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि एएसआई अरविंद द्वारा चालान काटने की धमकी दी जाती है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

पुलिस का पक्ष, दस्तावेज नहीं होने पर बढ़ा विवाद
वहीं एएसआई अरविंद ने पूरे मामले पर अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उन्होंने एक वाहन को नियमित जांच के लिए रोका था, लेकिन चालक के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं थे। इसके बाद वाहन जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन चालक ने वाहन छोड़ने का दबाव बनाया। एएसआई के अनुसार, उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहन छोड़ने का निर्णय उनके स्तर पर नहीं होता, बल्कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर ही कार्रवाई की जाती है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और चालक ने फोन कर अपने परिचितों को बुला लिया, जिसके बाद लगभग 15 से 20 लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल बिगड़ गया।

करीब एक घंटे तक चला हंगामा, अधिकारी ने दी प्रतिक्रिया
घटना के बाद करीब एक घंटे तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही और तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि इस पूरे मामले पर यातायात डीएसपी नीरज कुमार ने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है और न ही इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की स्थिति की जांच कर रही है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !