Ramgarh News : गोलपार इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लगभग 10 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार कपड़ा फेरी व्यवसायी रामप्रवेश साव अपने परिवार के साथ बिहार शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर दो कमरों में रखी अलमारियों और बक्सों को खंगाल डाला।
शादी में गए परिवार के घर को बनाया निशाना, सोना-चांदी, नकद और नई साड़ियां चोरी
चोर करीब 6 से 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 1.20 लाख रुपये नकद और बिक्री के लिए रखी गई नई साड़ियां लेकर फरार हो गए। घर के भीतर बिखरा सामान यह दर्शाता है कि चोरी पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
लगातार चोरियों से दहशत, पुलिस पेट्रोलिंग और कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग लगभग बंद हो चुकी है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक घर से चार मोबाइल फोन चोरी हुए थे, लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। ऐसे में जिले के नए एसपी के सामने अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को सक्रिय करना बड़ी चुनौती बनकर उभरा है।