Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में पिछले शनिवार शाम हुए अपहरण और उसके बाद युवक विनीत तिवारी की निर्मम हत्या के मामले ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक मुख्य आरोपियों को पकड़ नहीं सकी है, जिससे लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है.
पुलिस जांच पर उठ रहे सवाल
इस मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, लेकिन अब तक हत्या के असली साजिशकर्ता और मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. पुलिस लगातार छापेमारी और जांच का दावा कर रही है, फिर भी मामले का पूरा खुलासा नहीं हो पाया ह. इसी वजह से परिजन और स्थानीय ग्रामीण पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.
परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश
विनीत तिवारी की हत्या के बाद से ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है. परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा. ग्रामीण भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
आज शाम निकलेगा कैंडल मार्च
न्याय की मांग को लेकर आज शाम 6 बजे कैंडल मार्च निकाला जाएगा. यह मार्च चंद्रशेखर आजाद चौक, रेडमा से शुरू होकर शहर के छह मुहान तक जाएगा. इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल होकर मृतक को श्रद्धांजलि देंगे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करेंगे.
इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक आरोपी गिरफ्तार होते हैं और पीड़ित परिवार को न्याय मिलता है.