Jharkhand News: झारखंड में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान को धार देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 57 नए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की नियुक्ति की तैयारी पूरी कर ली है. झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा चयनित इन अभ्यर्थियों के शैक्षणिक और अन्य मूल प्रमाणपत्रों की जांच के लिए विभाग ने समय-सारणी जारी कर दी है. यह नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय से लंबित जेपीएससी के विज्ञापनों (01/2016 और 18/2023) के आधार पर पूरी की जा रही है.
नामकुम के आरसीएच कैंपस में दो दिनों तक चलेगी जांच
सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 6 मई और 7 मई 2026 को किया जाएगा. विभाग के उप सचिव ध्रुव प्रसाद द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह प्रक्रिया नामकुम स्थित आरसीएच (RCH) परिसर के "खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय" में संपन्न होगी. सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों पर अपने सभी मूल दस्तावेजों और पहचान पत्र के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
अनुपस्थिति और देरी पर नियुक्ति हो सकती है प्रभावित
प्रमाणपत्रों की जांच के दौरान अभ्यर्थियों का शारीरिक रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है, अन्यथा उनकी पात्रता और नियुक्ति पर संकट आ सकता है. विभाग ने साफ किया है कि दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की विसंगति या वेरिफिकेशन में देरी होने पर चयन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. चयनित सूची में भोला शंकर, चंद्र शेखर सिंह, उमेश कुमार और प्रगति सिंह जैसे 57 नाम शामिल हैं, जिनका विवरण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.
मिलावटखोरी पर नकेल कसने में मिलेगी मदद
इन अधिकारियों की स्थायी नियुक्ति से राज्य के विभिन्न जिलों में खाद्य सुरक्षा मानकों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी. वर्तमान में अधिकारियों की कमी के कारण सैंपलिंग और जांच की गति धीमी थी, लेकिन इस नई खेप के आने से बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने में बड़ी मदद मिलेगी. स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस कदम से राज्य की खाद्य सुरक्षा प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी.