Dhanbad News: धनबाद में होमगार्ड बहाली को लेकर चयनित अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. रविवार को अभ्यर्थियों ने बैठक कर वर्ष 2017 की बहाली प्रक्रिया की CBI जांच की मांग उठाई. साथ ही राज्यपाल से मुलाकात करने और 5 मई को एक दिवसीय धरना देने का निर्णय लिया गया.
अभ्यर्थियों का आरोप है कि बहाली प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी उनकी गलती नहीं है, बल्कि अधिकारियों के स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं. उनका कहना है कि बहाली से जुड़ी सीडी और हार्डडिस्क जिला प्रशासन के कब्जे से गायब हो गई, लेकिन इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है.
अभ्यर्थियों ने कहा कि दूसरे की गलती की सजा उन्हें दी जा रही है. उन्होंने बताया कि डुमरी विधायक जयराम महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलकर पूरे मामले की CBI जांच की मांग करेगा.
मामला वर्ष 2017 का है, जब धनबाद में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लिए होमगार्ड बहाली निकाली गई थी. रेलवे मैदान में शारीरिक और तकनीकी परीक्षा कराई गई और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी हुई थी. बाद में चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई.
हालांकि बाद में बहाली में धांधली और पैसों के लेनदेन से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद प्रक्रिया रद्द कर दी गई. जांच के दौरान संबंधित सीडी और हार्डडिस्क गायब पाई गई, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. इसके बाद राज्य सरकार ने बहाली को पूरी तरह निरस्त कर दिया.