Ranchi News : में स्कूली छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। डीटीओ अखिलेश कुमार के नेतृत्व में स्कूल वैन और बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू किया गया, जिसमें कई वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
ओवरलोड वैन पर कार्रवाई, बार-बार चेतावनी के बावजूद लापरवाही
जांच के दौरान कई स्कूल वैन ओवरलोड पाई गईं। विभाग ने बताया कि बार-बार जागरूकता अभियान और सख्त निर्देश देने के बावजूद कुछ वाहन चालक और संचालक अधिक कमाई के लालच में बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे मामलों में तत्काल चालान काटा जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
आने वाले दिनों में जब्ती की कार्रवाई होगी तेज
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि नियमों का उल्लंघन जारी रहा तो आने वाले दिनों में ऐसे वाहनों को जब्त भी किया जाएगा। अभियान के दौरान ऑक्सफर्ड स्कूल, जेवीएम श्यामली और बिशप गर्ल्स स्कूल समेत कई स्कूलों के वाहनों की जांच की गई, जिनमें कई ओवरलोड पाए गए।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों के परिवहन की व्यवस्था पर नजर रखें और किसी भी लापरवाही की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।