Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया. यूजी सेमेस्टर-6 की परीक्षा देकर बाहर निकल रही एक छात्रा करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गई.
जानकारी के अनुसार तेज बारिश के बाद कॉलेज परिसर में जलजमाव हो गया था. इसी दौरान मल्टीपरपज हॉल से परीक्षा देकर बाहर निकल रही छात्रा पूजा मंडल उस हिस्से में पहुंच गई जहां करंट प्रवाहित होने की आशंका थी. करंट लगते ही वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी.
घटना के समय उसके साथ तीन से चार अन्य छात्र भी मौजूद थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगने के बाद छात्रा के दांत जकड़ गए थे. वहां मौजूद छात्रों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह उसका मुंह खुलवाया और तुरंत निजी वाहन से खासमहल स्थित सदर अस्पताल पहुंचाया.
डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है. हालांकि घटना के बाद कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
छात्रों का आरोप है कि बारिश के दौरान परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. यदि समय रहते छात्रा को अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था.
घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है. वहीं कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है.