Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-09

Jharkhand News: झारखंड के मछुआरों को मिलेगा 5 लाख तक का बीमा सुरक्षा कवच, सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश

Jharkhand News: झारखंड के मछुआरों और मत्स्य पालकों के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत सक्रिय मछुआरों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का निःशुल्क लाभ देने की तैयारी शुरू कर दी है. मत्स्य निदेशालय की ओर से इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

इस योजना के तहत राज्य के पंजीकृत मछुआरों और मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी ताकि किसी दुर्घटना या अनहोनी की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके.

योजना का लाभ 18 से 70 वर्ष तक के उन लोगों को मिलेगा जो निबंधित मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्य हैं या जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर मत्स्य विभाग से जुड़े हैं. इसके अलावा मत्स्य कृषक, मछली विक्रेता, बीज उत्पादक, मत्स्य श्रमिक और केज मत्स्य मित्र भी योजना के दायरे में शामिल किए गए हैं.

योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि लाभुकों को किसी प्रकार का प्रीमियम नहीं देना होगा. पूरी राशि सरकार की ओर से वहन की जाएगी.

बीमा योजना के तहत मृत्यु या पूर्ण अपंगता की स्थिति में लाभार्थी को 5 लाख रुपये तक की सहायता राशि मिलेगी. वहीं आंशिक अपंगता होने पर 2.50 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा. अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में 25 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता का भी प्रावधान किया गया है.

सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को भी आसान बनाया है. इच्छुक लाभुकों को निर्धारित आवेदन पत्र भरकर अपने जिले के जिला मत्स्य कार्यालय में जमा करना होगा. आवेदन के साथ आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, पैन कार्ड और नामित उत्तराधिकारी की जानकारी देना अनिवार्य किया गया है.

मत्स्य निदेशालय ने सभी पात्र मछुआरों से जल्द आवेदन करने की अपील की है ताकि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें और उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !