Jharkhand Railway News: झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में चलने वाली 68004 गुआ –टाटानागर मेमू ट्रेन एक बार फिर यात्रियों की परेशानी का कारण बन गई है. रोजाना सैकड़ों लोग इस ट्रेन से सफर करते हैं, लेकिन लगातार देरी और बेहद धीमी रफ्तार के कारण लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है.
करीब 150 किलोमीटर का सफर तय करने वाली यह मेमू ट्रेन अक्सर निर्धारित समय से कई घंटे देर से टाटानगर पहुंचती है. यात्रियों का कहना है कि रात 10:50 बजे पहुंचने वाली ट्रेन कई बार रात 1 बजे, 2 बजे और कभी-कभी सुबह तक टाटानगर पहुंचती है. इससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
रोजाना लेटलतीफी से बढ़ी मुश्किलें
यात्रियों के अनुसार ट्रेन की रफ्तार इतनी धीमी रहती है कि सफर जरूरत से ज्यादा लंबा हो जाता है. कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि ट्रेन रास्ते में लंबे समय तक विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहती है, जिसके कारण पूरा शेड्यूल बिगड़ जाता है.
रात में देर से पहुंचने की वजह से यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ता है. खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज गांवों से आने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है, क्योंकि देर रात परिवहन के साधन भी आसानी से नहीं मिलते.
यात्रियों ने रेल प्रशासन पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर देश में बुलेट ट्रेन और आधुनिक रेलवे की बात हो रही है, वहीं दूसरी ओर कोल्हान क्षेत्र के यात्री आज भी धीमी और अनियमित ट्रेन सेवा झेलने को मजबूर हैं.
यात्रियों ने चक्रधरपुर रेल मंडल से मांग की है कि गुआ –टाटा मेमू की समयपालन व्यवस्था सुधारी जाए, ट्रेन की औसत गति बढ़ाई जाए और लगातार हो रही देरी के कारणों को सार्वजनिक किया जाए. लोगों का कहना है कि यह ट्रेन कोल्हान क्षेत्र की महत्वपूर्ण लाइफलाइन है, इसलिए इसकी व्यवस्था में जल्द सुधार होना चाहिए.