Vacation Packing Tips: गर्मी की छुट्टियों का नाम सुनते ही घूमने फिरने का प्लान बनने लगता है. कोई पहाड़ों की ठंडी वादियों में जाना चाहता है तो कोई बीच या धार्मिक जगहों पर छुट्टियां बिताने की तैयारी करता है. लेकिन ट्रिप का असली मजा तभी आता है जब पैकिंग स्मार्ट तरीके से की जाए. अक्सर लोग एक्साइटमेंट में जरूरत से ज्यादा सामान पैक कर लेते हैं और बाद में वही भारी बैग सफर की परेशानी बन जाता है. ऐसे में जरूरी है कि ट्रैवल के दौरान केवल वही सामान साथ रखा जाए जो सच में काम आने वाला हो.कहीं भी घूमने जाने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है. सबसे पहले यह समझना चाहिए कि आप किस जगह जा रहे हैं, वहां का मौसम कैसा है, ट्रिप कितने दिनों की है और आपके साथ बच्चे या बुजुर्ग हैं या नहीं. इन्हीं बातों के हिसाब से पैकिंग करने से सफर ज्यादा आरामदायक और आसान बन जाता है.
सफर के दौरान स्नैक्स और पानी साथ रखना क्यों है जरूरी
यात्रा के दौरान खाने पीने की चीजें हर जगह मिल जाती हैं लेकिन कई बार ये काफी महंगी या साफ सफाई के लिहाज से ठीक नहीं होतीं. लंबी यात्रा में कई रास्तों पर जल्दी खाने का सामान भी नहीं मिलता. ऐसे में घर से कुछ हल्के और हेल्दी स्नैक्स साथ रखना बेहतर माना जाता है.
आप ट्रैवल बैग में सैंडविच, चिवड़ा, नट्स, बिस्किट और कटे हुए फल जैसी चीजें रख सकते हैं. इससे भूख लगने पर बाहर की अनहाइजेनिक चीजें खाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सफर के दौरान ऊर्जा भी बनी रहेगी. पानी की बोतल साथ रखना भी बेहद जरूरी है ताकि बार बार बाहर बोतलबंद पानी खरीदने की जरूरत न पड़े.
फोन चार्जर और पावर बैंक भूलना पड़ सकता है भारी
आज के समय में ट्रैवलिंग के दौरान मोबाइल फोन सबसे जरूरी चीजों में शामिल हो गया है. रास्ता देखने के लिए गूगल मैप, फोटो और वीडियो बनाने, गाने सुनने और जरूरी लोगों से संपर्क बनाए रखने तक हर काम फोन से होता है. ऐसे में फोन की बैटरी जल्दी खत्म होना आम बात है.
यही वजह है कि ट्रिप पर निकलते समय चार्जर और पावर बैंक हमेशा बैग में रखना चाहिए. इसके साथ हेडफोन या ईयरफोन भी साथ रखना अच्छा विकल्प हो सकता है ताकि सफर के दौरान म्यूजिक या वीडियो का आनंद बिना किसी को परेशान किए लिया जा सके.
कपड़ों की पैकिंग करते समय रखें समझदारी
ट्रैवलिंग में कपड़ों की सबसे ज्यादा जगह घिरती है. लोग कई बार जरूरत से ज्यादा कपड़े रख लेते हैं जिससे बैग भारी हो जाता है. इसलिए कपड़ों की पैकिंग सोच समझकर करनी चाहिए. अगर आप ट्रैकिंग, स्विमिंग या आउटडोर एक्टिविटी वाली जगह पर जा रहे हैं तो एक दो एक्स्ट्रा कपड़े जरूर रखें. बच्चों के साथ ट्रैवल कर रहे हैं तो अतिरिक्त कपड़ों की जरूरत और बढ़ जाती है क्योंकि बच्चों के कपड़े जल्दी गंदे हो सकते हैं.
आजकल सोशल मीडिया के दौर में लोग हर फोटो में अलग आउटफिट पहनना पसंद करते हैं. ऐसे में ऐसे कपड़े पैक करना बेहतर रहेगा जिन्हें अलग अलग तरीके से मैच करके पहना जा सके. इससे कम कपड़ों में भी कई नए लुक तैयार किए जा सकते हैं और बैग में जगह की बचत भी होगी.
ट्रैवल बैग में ज्यादा मेकअप भरने से बचें
घूमने फिरने के दौरान हर कोई अच्छा दिखना चाहता है लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पूरा मेकअप किट ही साथ रख लिया जाए. ट्रिप के दौरान बहुत सारे मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी नहीं हो पाता और बैग का वजन अलग बढ़ जाता है.
यात्रा के दौरान बेसिक मेकअप आइटम्स जैसे काजल, कंसीलर और लिपस्टिक ही काफी होते हैं. अगर मेकअप रिमूवर या क्लींजर साथ नहीं रखना चाहते तो मेकअप वाइप्स अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं. इसके अलावा धूप से बचने के लिए सनग्लासेस जरूर साथ रखें क्योंकि गर्मी के मौसम में यह आंखों की सुरक्षा के साथ स्टाइल भी बनाए रखते हैं.
स्मार्ट पैकिंग से सफर बन सकता है ज्यादा आसान और मजेदार
ट्रिप का मजा तभी आता है जब सफर आरामदायक हो और जरूरत का हर सामान सही समय पर आसानी से मिल जाए. जरूरत से ज्यादा सामान ले जाने के बजाय समझदारी से पैकिंग करना ज्यादा फायदेमंद होता है. सही प्लानिंग के साथ की गई पैकिंग न केवल सफर को आसान बनाती है बल्कि छुट्टियों का मजा भी दोगुना कर देती है.