Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-19

Jamshedpur MGM Hospital: एमजीएम अस्पताल में सेंट्रल एसी खराब, भीषण उमस और पानी किल्लत से तड़पे मरीज, स्ट्रेचर पर इलाज करा रहे लोग बेहाल

Jamshedpur: कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) में सोमवार को अव्यवस्था का एक बड़ा नजारा देखने को मिला। भीषण गर्मी के बीच अस्पताल का सेंट्रल एसी (Central AC) अचानक बंद हो गया, जिससे इमरजेंसी और विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीज और उनके परिजनों उमस से तड़प उठे। हालत यह थी कि राहत पाने के लिए कई परिजन अपने मरीजों को हाथ वाले पंखे से हवा झलते नजर आए।

बदहाली- स्ट्रेचर पर इलाज और ऊपर से आफत
अस्पताल की इमरजेंसी में पहले से ही पैर रखने की जगह नहीं है। बेड कम होने की वजह से कई गंभीर मरीजों का इलाज स्ट्रेचर पर ही लिटाकर किया जा रहा है। ऐसे में उमस और तपिश बढ़ने से वार्डों के भीतर का माहौल और ज्यादा दमघोंटू हो गया। मरीजों के साथ-साथ उनके साथ आए परिजनों के लिए भी वहां रुकना दूभर हो गया था।

पानी भी हुआ गुल, लाउंड्री सेवा ठप होने से चादरों का संकट
एसी खराब होने के साथ ही अस्पताल में जल आपूर्ति (Water Supply) भी ठप हो गई। पानी न मिलने की वजह से लाउंड्री (धोबीघर) का काम सोमवार को पूरी तरह ठप रहा। कपड़ों और मरीजों की चादरों की धुलाई न होने के कारण अस्पताल प्रशासन के सामने साफ-सुथरे कपड़ों की उपलब्धता को लेकर चिंता खड़ी हो गई है। लाउंड्री कर्मियों ने इस अव्यवस्था की शिकायत सीधे प्रबंधन से की है।

क्यों खड़ी हुई यह समस्या? प्रशासन का क्या है कहना?
जब इस दोहरी मुसीबत को लेकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा से बात की गई, तो उन्होंने तकनीकी खराबी की जानकारी दी।

गड़बड़ी की मुख्य वजह
डॉ. बलराम झा ने बताया कि अस्पताल की मुख्य पानी टंकी से जिस मोटर के जरिए सेंट्रल एसी के चिलर प्लांट और लाउंड्री तक पानी भेजा जाता है, वह मोटर अचानक बैठ (खराब हो) गई। पानी की सप्लाई रुकने की वजह से एसी ने काम करना बंद कर दिया और लाउंड्री सेवा भी रुक गई।

क्या हुआ समाधान? 
अधीक्षक के मुताबिक, लाउंड्री का काम दोबारा चालू करने के लिए एक अस्थायी पाइपलाइन की व्यवस्था कर दी गई है। वहीं, खराब मोटर को ठीक करने की जिम्मेदारी संभालने वाली कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को तुरंत इसकी सूचना दी गई है। कंपनी की टीम ने मौके पर पहुँचकर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है और जल्द ही स्थिति सामान्य होने का दावा किया जा रहा है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !