Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-20

Ranchi News: मोराबादी वेंडर मार्केट के दुकानदारों को राहत, अब रात 11 बजे तक खुलेंगी दुकानें

Ranchi News: रांची के मोराबादी वेंडर मार्केट के दुकानदारों की कई मांगों पर नगर निगम ने सकारात्मक फैसला लिया है. वेंडर मार्केट मोराबादी संघ के प्रतिनिधियों ने सहायक नगर आयुक्त निकेश कुमार से मुलाकात कर बाजार से जुड़ी समस्याओं और सुविधाओं को लेकर चर्चा की. बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर सहमति बनी.

गर्मी के मौसम को देखते हुए अब मोराबादी वेंडर मार्केट की दुकानें रात 10.45 बजे तक खुली रह सकेंगी, जबकि 11 बजे तक बाजार पूरी तरह बंद करना होगा. इससे पहले दुकानों को रात 10 बजे बंद कराया जा रहा था, जिसे लेकर दुकानदार लगातार नाराजगी जता रहे थे.

बैठक में बाजार क्षेत्र में पानी की समस्या दूर करने के लिए नया बोरिंग कराने का निर्णय लिया गया. साथ ही संस्कार होटल के सामने एक अतिरिक्त प्रवेश द्वार बनाने पर भी सहमति बनी, ताकि बाजार के पिछले हिस्से तक लोगों की पहुंच आसान हो सके और ग्राहकों की संख्या बढ़े.

पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी नई रूपरेखा तय की गई है. दुकानदारों के वाहन बाजार के सामने निर्धारित खाली स्थानों पर लगाए जाएंगे, जबकि दुकानों के आसपास वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी. ग्राहकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बाजार के बाहर की जाएगी.

नगर निगम ने सूखे और जर्जर पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने, शौचालय क्षेत्र को सुरक्षित घेराबंदी देने और बड़ा सेफ्टी टैंक बनाने का आश्वासन भी दिया है. इसके अलावा दुकानदारों को व्यक्तिगत और समूह आधारित बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात कही गई.

वेंडर मार्केट मोराबादी संघ के अध्यक्ष कुमार रौशन ने कहा कि नगर निगम ने दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मांगों पर सहमति दी. उन्होंने बाजार संचालन का समय बढ़ाने सहित अन्य फैसलों के लिए निगम प्रशासन का आभार जताया.

बैठक में राकेश पांडे, राजेश कपूर, दीपक कुमार, प्रताप सिंह समेत अन्य सदस्य भी मौजूद रहे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !