Jharkhand News: माझी पारगाना माहाल, धाड़ दिशोम द्वारा बुधवार को पावड़ा स्थित माझी पारगाना माहाल भवन में प्रतिभा सम्मान समारोह 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न प्री-मैट्रिक कोचिंग सेंटरों के 100 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
874 परीक्षार्थियों में 589 ने हासिल की प्रथम श्रेणी
इस वर्ष वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में धाड़ दिशोम के कोचिंग सेंटरों से कुल 874 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनमें 589 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 260 ने द्वितीय श्रेणी और 4 ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। यह उपलब्धि आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित आदिवासी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की दिशा में संस्था के लगातार प्रयासों को दर्शाती है।
तीन वर्षों से निःशुल्क कोचिंग से संवर रहा भविष्य
माझी पारगाना माहाल धाड़ दिशोम पिछले तीन वर्षों से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क प्री-मैट्रिक कोचिंग चला रहा है। संस्था का उद्देश्य सिर्फ अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, जागरूक और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। मुख्य अतिथि जिरेन जेवियर टोपनो ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान और समाज सेवा की भावना भी जरूरी है।
समारोह में जुटे समाज के कई गणमान्य लोग
कार्यक्रम की अध्यक्षता धाड़ दिशोम के परगाना बाबा बैजु मुर्मू ने की। संचालन दीपक मुर्मू ने किया, जबकि उद्देश्य पर प्रकाश सुनील मुर्मू ने डाला। समारोह में दुर्गा चरण मुर्मू, हरिपद मुर्मू, लखन मार्डी, पार्वती मुर्मू, जयराम हांसदा, छोटा भुजंग टुडू समेत कई सामाजिक और शैक्षणिक हस्तियां मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और अभिभावियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।