Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-20

Jamshedpur News: जमशेदपुर बना झारखंड का पहला शहर जहां ई-वाहनों से होगा कूड़ा उठाव, विधायक सरयू राय ने किया उद्घाटन

Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर बुधवार को बैटरी से चलने वाले छह डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले वाहनों का उद्घाटन किया गया। इन वाहनों की खरीद विधायक निधि से की गई है। उद्घाटन समारोह जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) कार्यालय परिसर में नारियल फोड़कर किया गया। इस मौके पर जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे।

इन छह बैटरी चालित वाहनों की खरीद में करीब 14 लाख 70 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। झारखंड में यह पहली बार है जब किसी नगर निकाय द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए बैटरी से चलने वाले वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इस पहल के साथ जमशेदपुर राज्य का पहला शहर बन गया है, जहां अब संकरी गलियों में भी बैटरी चालित वाहन पहुंचकर कूड़ा उठाने का काम करेंगे।

कुशीनगर मॉडल से मिली प्रेरणा
उद्घाटन समारोह में विधायक सरयू राय ने कहा कि कुछ वर्ष पहले वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर गए थे। वहां उन्होंने देखा कि बैटरी से चलने वाले वाहनों से कूड़ा उठाने का काम किया जा रहा है। यह व्यवस्था उन्हें काफी प्रभावी लगी। इसके बाद उन्होंने जमशेदपुर लौटकर इस संबंध में जेएनएसी अधिकारियों से चर्चा की। करीब एक साल की प्रक्रिया के बाद आज इन वाहनों का उद्घाटन संभव हो पाया।

सफाई व्यवस्था होगी और बेहतर
सरयू राय ने कहा कि अब संकरी गलियों में भी आसानी से वाहन पहुंच सकेंगे, जिससे डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बैटरी चालित वाहनों के इस्तेमाल से शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और प्रदूषण भी कम होगा।

पेट्रोल-डीजल बचाने की दिशा में पहल
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बैटरी चालित वाहनों की जरूरत काफी बढ़ गई है, खासकर तब जब प्रधानमंत्री देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील कर रहे हैं। सरयू राय ने उम्मीद जताई कि जेएनएसी की तर्ज पर राज्य की अन्य नगरपालिकाएं भी बैटरी चालित वाहनों से कूड़ा उठाने की दिशा में पहल करेंगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था हर दृष्टिकोण से लाभदायक है, क्योंकि इसमें पेट्रोल और डीजल की जरूरत नहीं पड़ती।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !