Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में इन दिनों पड़ रही चिलचिलाती धूप, भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच सड़कों पर तैनात रहने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए राहत भरी खबर है. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जवानों को हीटस्ट्रोक से बचाने के लिए एयर कूल्ड जैकेट (AC जैकेट) देने का एक अनोखा प्रयोग शुरू किया गया है. फिलहाल इसे एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लॉन्च किया गया है, जिसके तहत शहर के कुछ सबसे व्यस्त चौराहों पर तैनात जवानों को यह हाई-टेक जैकेट दी गई है. अगर इसके जमीनी नतीजे सकारात्मक और आरामदायक रहते हैं, तो आने वाले दिनों में रांची के सभी ट्रैफिक जवानों को यह जैकेट उपलब्ध कराई जाएगी.
पावर बैंक से चलेंगे पंखे, वजन मात्र 200 ग्राम
विज्ञान और आधुनिक तकनीक से बनी यह खास कूलिंग जैकेट बेहद हल्की है और इसका कुल वजन महज 200 ग्राम है. इस जैकेट के भीतर दो छोटे लेकिन बेहद शक्तिशाली पंखे फिट किए गए हैं, जो मोबाइल चार्ज करने वाले सामान्य पावर बैंक की मदद से चलते हैं. पावर बैंक कनेक्ट होते ही ये पंखे लगातार ठंडी हवा फेंकते हैं, जिससे भीषण धूप में भी शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है. इसके अलावा, जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जैकेट में रेडियम रिफ्लेक्टर भी लगाया गया है, ताकि रात के अंधेरे में भी ड्यूटी के दौरान जवान दूर से साफ नजर आ सकें.
धूल, धुएं और लू के बीच जवानों के लिए वरदान
ट्रैफिक एसपी राकेश और ट्रैफिक एसीपी ने बताया कि कड़कड़ाती धूप में लगातार 8 से 10 घंटे खड़े रहने के कारण जवानों के स्वास्थ्य पर बहुत बुरा असर पड़ता है और लू लगने का खतरा बना रहता है. गाड़ियों के धुएं और उड़ती धूल के बीच यह जैकेट जवानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है क्योंकि यह उच्च तापमान में भी शरीर को भीतर से कूल-कूल रखेगी. पुलिस विभाग के इस हाई-टेक और मानवीय फैसले की न केवल ट्रैफिक पुलिसकर्मी सराहना कर रहे हैं, बल्कि सड़कों पर गुजरने वाले आम राहगीर भी पुलिस के इस आधुनिक अवतार को देखकर बेहद खुश हैं.