BREAKING NEWS : परसुडीह थाना अंतर्गत किताडीह माखन गली, कम्युनिटी सेंटर के समीप से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यहाँ एक लगभग 14 से 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों ने की आरोपी को पकड़ने की कोशिश
घटना की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीणों और बस्ती के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपी को दबोचने के लिए पूरी बस्ती के लोग एकजुट हो गए और उसे पकड़ने की कोशिश की। हालांकि, ग्रामीणों की घेराबंदी के बावजूद आरोपी चकमा देकर मौके से भाग निकलने में सफल रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बच्ची को भेजा गया मेडिकल
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए पीड़ित बच्ची को तुरंत अपनी सुरक्षा में लिया और चिकित्सीय जांच व इलाज के लिए अस्पताल (मेडिकल) भिजवा दिया है।
जांच और छापेमारी में जुटी पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम मुन्ना तस्मय है, जो की पेशे से डॉक्टर है। बताया जा रहा है की वह पीड़िता का पड़ोसी है। आरोपी ने तकरीबन 12 बजे घर के बाहर बुलाता है और घटना को अंजाम देता है।
पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुट गया है। घटनास्थल और आस-पास के इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान की जा रही है और उसे पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।