Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-27

Dhanbad News: धनबाद के चौधरी स्वीट्स में सुबह-सुबह लगी भीषण आग, धुएं और लपटों से इलाके में मची अफरा-तफरी

Dhanbad News: धनबाद के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय गुरुद्वारा के सामने बुधवार सुबह अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रसिद्ध चौधरी स्वीट्स दुकान में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई और आसपास का इलाका धुएं से भर गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया.
सुबह सात बजे दुकान से उठने लगा धुआं, लोगों ने तुरंत दी सूचना
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब सात बजे लोगों ने दुकान से धुआं और आग की तेज लपटें निकलते देखीं. इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर इलाके के लोगों को सतर्क किया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते आग ने दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया.

दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था. आग बुझाने के दौरान इलाके में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा.

दुकान संचालक ने शॉर्ट सर्किट बताया वजह, लाखों के नुकसान का दावा
दुकान संचालक बबलू ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी. उनका कहना था, दुकान में रखा मिठाई बनाने का सामान, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जल कर रख हो गया. उनके अनुसार इस घटना में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.

स्थानीय लोगों ने गैस सिलेंडर लीक होने की जताई आशंका
वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान में तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से आग लगी हो सकती है. लोगों ने आरोप लगाया कि दुकान के बाहर अवैध तरीके से बड़े बड़े चूल्हे लगाए जाते हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान के ऊपर एक बुजुर्ग दंपति भी रहते हैं. यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था. घटना के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी देखने को मिली.

सुरक्षा जांच और कार्रवाई की मांग तेज
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने और अवैध तरीके से लगाए गए चूल्हों पर कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है. प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या फिर गैस रिसाव इसकी वजह बना.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !