Jharkhand News: करीब नौ महीने से वेतन का इंतजार कर रहे नवनियुक्त सहायक आचार्यों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि 31 मई तक शिक्षकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इस संबंध में जरूरी कदम उठाए हैं.
सरकार ने कहा है कि प्रमाण पत्रों की जांच की प्रक्रिया लंबित रहने के कारण कार्यरत शिक्षकों का वेतन रोका नहीं जा सकता. इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री ने हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को साफ निर्देश दिए थे कि जांच के नाम पर शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए.
इसके बाद शिक्षा विभाग ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) को 30 मई तक सभी प्रमाण पत्रों की जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. विभाग ने कहा है कि रिपोर्ट मिलने के बाद भुगतान संबंधी प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी.
मुख्य सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी शिक्षक का प्रमाण पत्र फर्जी पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही अब तक दिए गए वेतन की वसूली भी की जा सकती है.
सरकार के इस फैसले से लंबे समय से वेतन की प्रतीक्षा कर रहे सहायक आचार्यों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.