Jamshedpur: बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके लिए बाहरी जिलों से भी अतिरिक्त सुरक्षा बल मंगाए गए हैं।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सिटी एसपी ललित मीना ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी।
सादे लिबास में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ये पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखेंगे।
भाईचारा बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।