Ranchi News: बकरीद पर्व को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया. त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया. यह मार्च अल्बर्ट एक्का चौक से महात्मा गांधी मार्ग तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सुरक्षा बल के जवान शामिल हुए.
अधिकारियों ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
फ्लैग मार्च के दौरान एसडीएम कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने शहरवासियों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की.
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने को कहा
मीडिया से बातचीत में अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचानी चाहिए. प्रशासन का मानना है कि आम लोगों के सहयोग से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है.
पहले ही हो चुकी है शांति समिति की बैठक
प्रशासन की ओर से बताया गया कि बकरीद को लेकर विभिन्न धार्मिक संगठनों और शांति समिति के सदस्यों के साथ पहले ही बैठक की जा चुकी है. बैठक में त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर सहमति बनी थी. इसके साथ ही राजधानी के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को सतर्क रहने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.