Jharkhand News: बांग्लादेश में तेजी से फैल रहे खसरे (मीजल्स) के मामलों को देखते हुए झारखंड स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रांची स्थित रिम्स और सदर अस्पताल को संभावित स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है. रिम्स में विशेष आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किया गया है.
स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से संथाल परगना के दुमका, देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में निगरानी बढ़ाने को कहा है. अधिकारियों के अनुसार सीमावर्ती इलाकों में लोगों की आवाजाही अधिक होने के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर मेडिकल जांच और निगरानी की तैयारी की जा रही है. यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए विशेष व्यवस्था करने पर भी काम चल रहा है.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को खसरे के लक्षणों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. विभाग ने निर्देश दिया है कि संदिग्ध लक्षण मिलने पर मरीजों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कर इलाज सुनिश्चित किया जाए. फिलहाल देवघर समेत राज्य में खसरे का कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है.