Ranchi News : राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। मंगलवार देर रात करीब एक बजे ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह स्वयं सड़कों पर उतरे और शहर के विभिन्न इलाकों में चल रही जांच व्यवस्था का निरीक्षण किया। देर रात तक चले अभियान के दौरान कई प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली।
सुजाता चौक से बिरसा चौक तक पुलिस की नजर, संदिग्धों से की गई पूछताछ
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक, बिरसा चौक समेत 15 से अधिक स्थानों पर एक साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। अभियान का मुख्य उद्देश्य रात के समय होने वाले अपराधों पर रोक लगाना और असामाजिक तत्वों पर नजर रखना था।
ड्रंकन ड्राइविंग पर भी सख्ती, कई चालक शराब पीकर वाहन चलाते मिले
सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार को करीब 20 लोग शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए थे। वहीं मंगलवार देर रात तक 11 से 12 और लोगों के ड्रंकन ड्राइविंग में पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी मिली है।
लगातार दूसरे दिन सामने आए मामलों के बाद ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती और बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। रांची पुलिस ने नागरिकों से आवश्यकता पड़ने पर डायल 112 पर संपर्क करने को भी कहा है।