Bihar Breaking: बिहार के मधुबनी जिला अंतर्गत बेनीपट्टी अनुमंडल के पतौना थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां के रघेपुरा यदुपट्टी के बाध (चौर) में जेसीबी मशीन से खोदे गए एक गहरे गड्ढे में डूबने से कई मासूम बच्चों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि रघेपुरा के केरवार गांव के करीब 8 बच्चे चौर में नहाने गए थे. इसी दौरान वे मिट्टी खुदाई के कारण बने गहरे गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और एक-एक कर डूबने लगे.
बाहर छूटीं चप्पलें, 5 की मौत की आशंका
गड्ढे के बाहर बच्चों की 7 जोड़ी चप्पलें छूटी हुई थीं, जिन्हें देखकर अनहोनी का अहसास हुआ. जैसे ही यह खबर फैली, स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और बच्चों को पानी से बाहर निकालकर एम्बुलेंस व निजी गाड़ियों से बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में 2 लड़के और 3 लड़कियों समेत कुल 5 बच्चों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है. अस्पताल लाए गए बच्चों में से दो बच्चियों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है, जबकि एक लड़के की हालत गंभीर है.
अस्पताल पहुंचे एसडीएम, दिए कड़े निर्देश
इस बेहद संवेदनशील घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी के अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) शारंग पानी पांडेय तुरंत अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने वहां पीड़ित और रोते-बिलखते परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. इसके साथ ही एसडीएम ने अस्पताल प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट और एक्टिव रहने का निर्देश दिया है. प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस की टीम मौके पर रहकर घटना से जुड़ी पल-पल की जानकारी जुटा रही है.
लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
इस बड़े हादसे के बाद से पूरे इलाके में चीख-पुकार मची है और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. दूसरी तरफ, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन और ठेकेदारों के खिलाफ भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि बिना किसी सुरक्षा मानकों का पालन किए, बेहद लापरवाही से जेसीबी से गहरे गड्ढे खोदकर खुले छोड़ दिए जाते हैं, जिसके कारण आज इन मासूमों की जान गई है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति को संभालने में जुटी है.