Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिल्लत नगर, महतो पाड़ा रोड स्थित इम्तियाज जनरल स्टोर के पास रंगदारी मांगने, मारपीट, तोड़फोड़ और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी 5 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए अपराधियों के नाम मोहम्मद अरमानुद्दीन उर्फ पलटन, मोहम्मद अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मोहम्मद आसिफ अंसारी और अमनदीप सिंह हैं.
जनरल स्टोर पर धावा बोलकर की थी तोड़फोड़
यह पूरी घटना 31 मई की है, जब अपराधियों ने जनरल स्टोर के मालिक मोहम्मद इम्तियाज के साथ मारपीट की और दुकान में रखी वेट मशीन व अन्य सामानों में तोड़फोड़ की थी. इसके बाद इलाके में आतंक फैलाने की नीयत से अपराधियों द्वारा दो राउंड हवाई फायरिंग भी की गई थी. पीड़ित दुकानदार के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया, जिसके बाद गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर इन अपराधियों को दबोच लिया.
अवैध हथियार, कारतूस और स्कूटी बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अवैध देशी पिस्तौल, एक जिंदा गोली, घटनास्थल से बरामद एक खोखा एवं एक पिलेट, एक स्कूटी और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं. मुख्य आरोपी मोहम्मद अरमानुद्दीन उर्फ पलटन ने पुलिस के समक्ष दिए अपने स्वीकारोक्ति बयान में अवैध हथियार से फायरिंग करने की बात कबूल की है, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर यह हथियार बरामद किया.
अपराधियों का पुराना रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. मुख्य आरोपी मोहम्मद अरमानुद्दीन उर्फ पलटन, मोहम्मद अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू और अमनदीप सिंह के खिलाफ पहले से ही जुगसलाई और टेल्को थानों में आर्म्स एक्ट, मारपीट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.