Vaibhav Suryavanshi Gets India Call-Up: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 6 जून को इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया। सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही, जिन्हें पहली बार सीनियर टीम में जगह मिली है। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें दोनों स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
फैंस की मांग पूरी, श्रेयस अय्यर बने टी20 कप्तान
चयनकर्ताओं ने बड़ा फैसला लेते हुए श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कमान सौंप दी है। वहीं, युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। पिछले कुछ समय से अय्यर को टी20 कप्तानी देने की मांग लगातार उठ रही थी, जिसे अब बीसीसीआई ने मंजूरी दे दी है।
आईपीएल में बल्ले से मचाया धमाल, अब इंटरनेशनल मंच पर बारी
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने पूरे सीजन में 776 रन बनाए, जिसमें 72 छक्के शामिल रहे। 237 से अधिक के स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने पांच बड़े व्यक्तिगत पुरस्कार भी जीते। इसी शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें टीम इंडिया में चयन के रूप में मिला है।
सूर्यकुमार यादव बाहर, भविष्य की टीम पर चयनकर्ताओं का फोकस
बीसीसीआई ने इस बार टीम चयन में भविष्य को प्राथमिकता दी है। इसी सोच के तहत सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम से बाहर रखा गया है। चयनकर्ताओं का मानना है कि नई पीढ़ी को तैयार करने के लिए युवा खिलाड़ियों को ज्यादा अवसर दिए जाने चाहिए, जिसके चलते अय्यर को कप्तानी और कई युवा चेहरों को मौका मिला है।
इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए यही है टीम इंडिया
स्क्वॉड में श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को शामिल किया गया है। युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन वाली यह टीम इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत की चुनौती पेश करेगी।