Ranchi News : झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार प्रणव झा ने सोमवार को नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत करते हुए नामांकन पत्र खरीदा। इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक मौजूद रहे, जिन्होंने उनकी उम्मीदवारी के समर्थन में एकजुटता का संदेश दिया।
नामांकन प्रक्रिया में दिखी कांग्रेस की संगठनात्मक ताकत
नामांकन पत्र खरीदने के दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, रियाज अंसारी, सुल्तान अहमद और उज्ज्वल प्रकाश तिवारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
जीत को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जताया भरोसा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रणव झा की उम्मीदवारी पार्टी की सोच और रणनीति को मजबूत करेगी। नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में उनकी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नामांकन प्रक्रिया के पहले ही चरण में बड़ी संख्या में नेताओं की मौजूदगी कांग्रेस की संगठनात्मक एकता और राजनीतिक ताकत का संकेत है। आने वाले दिनों में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।