Palamu: मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और उससे उत्पन्न सामाजिक समस्याओं को देखते हुए पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। ग्रामीण इलाकों में शराब सेवन के कारण बढ़ रहे पारिवारिक विवाद और सामाजिक तनाव को रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मोहम्मदगंज थाना पुलिस ने बटवा गांव के आजाद नगर टोला में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि वहां अवैध रूप से महुआ शराब तैयार की जा रही थी। मौके से करीब 10 किलोग्राम जावा महुआ और लगभग 20 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई।
मौके पर नष्ट किया गया शराब और कच्चा माल
पुलिस टीम ने बरामद महुआ शराब और जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण के लिए संचालित की जा रही भट्ठी को भी ध्वस्त कर दिया गया, ताकि दोबारा वहां इस तरह की गतिविधियां संचालित न हो सकें। थाना प्रभारी नारायण चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के कई गांवों में शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के कारण घरेलू हिंसा और आपसी झगड़ों की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और पारिवारिक माहौल पर पड़ रहा है। साथ ही गांवों में सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित हो रहा है।
अवैध कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशाखोरी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा तथा इस धंधे से जुड़े लोगों को किसी भी हालत में राहत नहीं दी जाएगी।