Jamshedpur News : जिला परिषद सदस्य संख्या-9 पूर्णिमा मलिक ने अपने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह में नियमित सफाई व्यवस्था की मांग
पूर्णिमा मलिक ने कहा कि बागबेड़ा की तर्ज पर परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह क्षेत्रों में भी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इन इलाकों में जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है और बड़े नालों के जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बरसात से पहले जुगसलाई नगर परिषद द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की।
तीन साल बाद भी शुरू नहीं हुआ सड़क निर्माण कार्य
जिला परिषद सदस्य ने शीतला चौक से व्यंगबिल तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लगभग तीन वर्ष पहले सड़क का शिलान्यास किया गया था, लेकिन अब तक संवेदक द्वारा निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से बरसात शुरू होने से पहले सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
जर्जर नाली से बढ़ी परेशानी, आंदोलन की चेतावनी
पूर्णिमा मलिक ने उत्तरी करनडीह पंचायत के करनडीह फाटक के समीप जर्जर नाली की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि नाली टूट जाने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल नाली की मरम्मत कराने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।