Jharkhand News: झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का आदेश जारी कर दिया है. वित्त विभाग की ओर से जारी संकल्प के अनुसार सातवें वेतनमान के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का डीए अब 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है.
नए आदेश के तहत महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि की गई है. यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 के प्रभाव से लागू मानी जाएगी. इससे कर्मचारियों को जनवरी 2026 से बढ़े हुए डीए का लाभ मिलेगा और पिछले महीनों का एरियर भी भुगतान किया जाएगा.
केंद्र सरकार के फैसले के आधार पर लिया गया निर्णय
राज्य सरकार ने यह फैसला केंद्र सरकार की तर्ज पर लिया है. केंद्र में कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी के बाद झारखंड सरकार ने भी प्रस्ताव पर विचार किया था. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इसे मंजूरी मिलने के बाद वित्त विभाग ने आदेश जारी किया.
मूल वेतन पर ही मिलेगा बढ़े हुए डीए का लाभ
वित्त विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता केवल मूल वेतन (Basic Pay) पर ही लागू होगा. इसे किसी विशेष वेतन या व्यक्तिगत वेतन में शामिल नहीं किया जाएगा. सरकार के इस निर्णय से राज्य के लाखों कर्मचारियों और अधिकारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा.