Jharkhand: राज्यसभा चुनाव के निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र में नाम के उल्लेख को लेकर आपत्ति सामने आने के बाद विधानसभा सचिवालय में हलचल तेज हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान दस्तावेजों में नाम की विसंगति को लेकर रिटर्निंग ऑफिसर ने स्पष्टीकरण मांगा है।
नाम के उल्लेख को लेकर उठी आपत्ति
जानकारी के अनुसार, कुछ दस्तावेजों में उम्मीदवार का नाम "परिमल नाथवानी" दर्ज है, जबकि अन्य दस्तावेजों में "नाथवानी परिमल" लिखा गया है। इसी अंतर को लेकर नामांकन पत्र की जांच के दौरान सवाल उठाए गए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिमल नाथवानी स्वयं विधानसभा सचिवालय पहुंचे और प्रभारी सचिव सह रिटर्निंग ऑफिसर रंजीत कुमार के समक्ष अपना पक्ष रखा। इस दौरान रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में काफी देर तक चर्चा हुई।
भाजपा नेताओं की भी रही मौजूदगी
नामांकन से जुड़े इस घटनाक्रम के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी विधानसभा सचिवालय में मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी। प्रत्याशी की ओर से उठाई गई आपत्तियों पर आवश्यक दस्तावेज और स्पष्टीकरण प्रस्तुत किए गए।फिलहाल नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया जारी है और रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उठाई गई आपत्तियों पर विचार किया जा रहा है। आने वाले समय में यह स्पष्ट होगा कि नामांकन पत्र में पाई गई विसंगति को तकनीकी त्रुटि माना जाता है या इसके लिए किसी अतिरिक्त प्रक्रिया की आवश्यकता होगी।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
राज्यसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के अंतिम चरण में सामने आए इस मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें रिटर्निंग ऑफिसर के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं, जो नामांकन की वैधता को लेकर स्थिति स्पष्ट करेगा।