Entertainment News: कॉमेडी फिल्मों के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है. लंबे समय से चर्चा में बनी धमाल फ्रेंचाइजी की चौथी किस्त अब दर्शकों के बीच आने की तैयारी में है. मेकर्स ने हाल ही में धमाल 4 का पहला लुक और कैरेक्टर पोस्टर्स जारी किए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. एक तरफ जहां कई फैंस फिल्म के नए अंदाज को लेकर उत्साहित नजर आए, वहीं कुछ दर्शकों ने पोस्टर में अपने पसंदीदा चेहरों की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल भी उठाए.
पुराने सितारों के साथ नए चेहरों का भी दिखा दिलचस्प मेल
जारी किए गए पोस्टर्स में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा एक बार फिर अपने मजेदार अंदाज में दिखाई दे रहे हैं. इस बार फिल्म में ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये और रवि किशन जैसे कलाकार भी नजर आने वाले हैं.
रंग बिरंगे और फुल एंटरटेनमेंट वाले पोस्टर्स ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. फिल्म का निर्माण गुलशन कुमार, टी सीरीज और देवगन फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है. ऐसे में दर्शकों को एक बार फिर बड़े पर्दे पर हंसी का जबरदस्त तड़का देखने की उम्मीद है.
संजय दत्त और असरानी को मिस कर रहे हैं फैंस
पोस्टर सामने आने के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कई लोगों ने सवाल किया कि संजय दत्त इस बार फिल्म का हिस्सा क्यों नहीं हैं. वहीं कुछ दर्शकों ने दिग्गज अभिनेता असरानी और अभिनेता आशीष चौधरी की गैरमौजूदगी पर भी निराशा जाहिर की.
फैंस का कहना है कि इन कलाकारों ने पिछली फिल्मों में अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसाया था और उनकी मौजूदगी फ्रेंचाइजी की पहचान का हिस्सा बन चुकी थी.
बार-बार एक जैसी कास्टिंग को लेकर भी सामने आई राय
कुछ दर्शकों ने फिल्म की कास्टिंग को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उनका मानना है कि फ्रेंचाइजी में लगातार लगभग वही चेहरे देखने को मिल रहे हैं और अब मेकर्स को कहानी और किरदारों के स्तर पर कुछ नए प्रयोग करने चाहिए.
वहीं कई फैंस ऐसे भी हैं, जिनका मानना है कि पहली धमाल आज भी इस सीरीज की सबसे यादगार और मनोरंजक फिल्म है. उनके मुताबिक बाद की फिल्मों में उसी पुराने फॉर्मूले को दोहराने की कोशिश की गई.
अजय देवगन और संजय मिश्रा के लुक ने खींचा लोगों का ध्यान
धमाल 4 के पोस्टर में अजय देवगन और संजय मिश्रा का अलग अंदाज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में दोनों के लुक की तुलना विक्रम और बेताल से कर दी. कई लोगों ने इस पर मजेदार कमेंट्स भी किए, जिससे पोस्टर को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई.
आलोचनाओं के बीच भी फिल्म को लेकर बना हुआ है जबरदस्त उत्साह
हालांकि कुछ दर्शकों ने अपनी पसंदीदा स्टार कास्ट को मिस करने और कास्टिंग को लेकर सवाल जरूर उठाए हैं, लेकिन इसके बावजूद धमाल 4 को लेकर लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ है. पोस्टर रिलीज के बाद से ही फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है और फैंस बेसब्री से इसके ट्रेलर और रिलीज का इंतजार कर रहे हैं.