Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-09

Seraikela Breaking: जायदा मंदिर के पास स्वर्णरेखा नदी में डूबे सोनारी के छात्र का 24 घंटे बाद मिला शव

Seraikela Breaking: सरायकेला-खरसावां के चांडिल अनुमंडल के चौका थाना क्षेत्र स्थित जायदा शिव मंदिर के पास स्वर्णरेखा नदी में डूबे सोनारी के छात्र प्रेम कुमार बल्लू (23) का शव 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया. मंगलवार को रांची से एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद नदी से शव निकाला. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित आदर्श नगर, सिदो-कान्हू बस्ती निवासी प्रेम कुमार अपने दोस्त आशुतोष कुमार के साथ बाइक से चांडिल घूमने आया था. दोनों जायदा मंदिर के पास स्वर्णरेखा नदी तट पर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने नदी किनारे रील भी बनाई.

इसके बाद प्रेम कुमार नदी में नहाने के लिए उतरा, लेकिन अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया. दोस्त आशुतोष ने घटना की जानकारी तुरंत परिजनों को दी. सूचना मिलने के बाद चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू कराई.

सोमवार शाम से ही नदी में काफी देर तक खोज अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान स्थगित करना पड़ा. मंगलवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई, जिसके बाद करीब 24 घंटे बाद प्रेम का शव बरामद किया गया.

घटना की जानकारी मिलते ही प्रेम के परिजन भी जायदा पहुंचे थे. बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा.

स्थानीय लोगों ने बताया कि जायदा मंदिर के पास स्वर्णरेखा नदी में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. इसके बावजूद नदी किनारे न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के लिए बैरियर की व्यवस्था है. लोगों ने प्रशासन से यहां सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !